खड़े डंपर में तेज रफ्तार कार घुसी, एक की मौत; चालक की हालत गंभीर
आदर्श सहारा टाइम्स
प्रयागराज। प्रयागराज के यमुनापार क्षेत्र में गुरुवार देर रात एक दर्दनाक सड़क हादसा हो गया। घूरपुर थाना क्षेत्र स्थित इरादतगंज रेलवे स्टेशन के सामने तेज रफ्तार कार खड़े डंपर में पीछे से जा घुसी। हादसे में कार सवार एक युवक की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि चालक गंभीर रूप से घायल हो गया है।
यह हादसा रात करीब दो बजे प्रयागराज-रीवा राजमार्ग पर हुआ। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि कार का अगला हिस्सा पूरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया।
सूचना मिलते ही घूरपुर पुलिस मौके पर पहुंची। स्थानीय ग्रामीणों की मदद से कड़ी मशक्कत के बाद कार में फंसे दोनों युवकों को बाहर निकाला गया। तब तक एक युवक की मौत हो चुकी थी, जबकि दूसरा गंभीर रूप से घायल मिला।
मृतक की पहचान रीवा के बैकुंठपुर (सिरमौर) निवासी निखिल कुमार अवधिया (33) के रूप में हुई है। वहीं घायल युवक शहडोल जिले के विरुहली (भाटिया रोड) निवासी अंकित सिंह (35) है, जिसकी हालत बेहद नाजुक बताई जा रही है।
पुलिस ने घायल को तत्काल एसआरएन अस्पताल में भर्ती कराया, जहां उसका इलाज जारी है। वहीं मृतक के शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है।
बताया जा रहा है कि दोनों युवक मध्य प्रदेश से कार द्वारा प्रयागराज आ रहे थे। इरादतगंज रेलवे स्टेशन के पास सड़क किनारे खड़े डंपर में पीछे से टकराने के कारण यह हादसा हुआ। फिलहाल पुलिस प्रशासन जांच पड़ताल में जुटी।
