दुर्गावती इंटरनेशनल स्कूल एंड कॉलेज, मेजा, प्रयागराज में मातृ दिवस बड़े ही हर्षोल्लास एवं धूमधाम के साथ मनाया गया
आदर्श सहारा टाइम्स
मेजा ,प्रयागराज। दुर्गावती इंटरनेशनल स्कूल एंड कॉलेज, मेजा, प्रयागराज में मातृ दिवस बड़े ही हर्षोल्लास एवं धूमधाम के साथ मनाया गया। कार्यक्रम की मुख्य अतिथि जानी मानी शिक्षा विद मैडम प्रेक्षा थीं। विशिष्ट अतिथि के रूप में श्रीमती रेनू पाण्डेय, ग्राम प्रधान पकरी उरुआ एवं श्रीमती उमा द्विवेदी, अभिभावक प्रतिनिधि उपस्थित रहीं।
कार्यक्रम का शुभारंभ दीप प्रज्ज्वलन एवं सरस्वती वंदना के साथ किया गया। इसके पश्चात विद्यालय के क्षात्राओं द्वारा आकर्षक स्किट प्रस्तुत की गई, मधुर गीत गाए गए तथा मनमोहक नृत्य प्रस्तुत कर सभी उपस्थित माताओं एवं अतिथियों का मन मोह लिया गया। माताओं के सम्मान में आयोजित सांस्कृतिक कार्यक्रमों ने पूरे वातावरण को भावनात्मक एवं आनंदमय बना दिया।
माताओं के लिए अनेक रोचक खेल प्रतियोगिताओं का आयोजन भी किया गया, जिनमें सभी माताओं ने उत्साहपूर्वक सहभागिता की। प्रत्येक समूह में विजेता प्रतिभागियों को पुरस्कार प्रदान कर सम्मानित किया गया।
इस अवसर पर मुख्य अतिथि मैडम प्रेक्षा ने अपने प्रेरणादायी संबोधन में कहा कि माँ केवल परिवार की आधारशिला ही नहीं, बल्कि बच्चों के उज्ज्वल भविष्य की प्रथम मार्गदर्शक भी होती है। उन्होंने बच्चों को अपनी माताओं का सम्मान करने तथा उनके त्याग और प्रेम को सदैव स्मरण रखने की सीख दी।
विद्यालय के प्रधानाचार्य श्री संतोष मालवीय ने अपने संबोधन में कहा कि माँ बच्चे की प्रथम गुरु होती है तथा उसके संस्कार, शिक्षा और व्यक्तित्व निर्माण में सबसे महत्वपूर्ण भूमिका निभाती है। उन्होंने विद्यार्थियों को अपने माता-पिता का सम्मान करने एवं उनके प्रति सदैव कृतज्ञ रहने की प्रेरणा दी।
विद्यालय प्रबंधक डॉ. (श्रीमती) स्वतंत्र मिश्रा ने अपने उद्बोधन में मातृ शक्ति के महत्व पर प्रकाश डालते हुए कहा कि माँ का प्रेम, त्याग और समर्पण परिवार एवं समाज की सबसे बड़ी शक्ति है। उन्होंने विद्यालय परिवार की ओर से सभी माताओं को मातृ दिवस की हार्दिक शुभकामनाएँ दीं।
कार्यक्रम का समापन केक काटकर एवं सभी अतिथियों, माताओं एवं उपस्थित अभिभावकों के प्रति धन्यवाद ज्ञापन के साथ किया गया। सम्पूर्ण कार्यक्रम अत्यंत सफल, भावनात्मक एवं यादगार रहा।
इस कार्यक्रम का समापन विद्यालय के वाईस प्रिंसिपल सृजन मिश्रा ने धन्यवाद देते हुए किया, साथ ही स्कूल के ऐकडेमिक कॉर्डिनेटर अंकुर सिंह , हिमांशु साहू , कॉर्डिनेटर सीमानी मिश्रा , शिखा तिवारी,कीर्ति सिंह, श्रुति ब्रह्म, सरोज सिंह , सपना इत्यादि सभी शिक्षक कार्यक्रम में मौजूद रहे ।
