मेला क्षेत्र के समग्र सौंदर्यीकरण, घाट विकास एवं संगम आरती प्रारंभ करने संबंधी तैयारियों की समीक्षा बैठक संपन्न

 

 

मेला क्षेत्र के समग्र सौंदर्यीकरण, घाट विकास एवं संगम आरती प्रारंभ करने संबंधी तैयारियों की समीक्षा बैठक संपन्न

आदर्श सहारा टाइम्स

प्रयागराज ।  मंडलायुक्त श्रीमती सौम्या अग्रवाल की अध्यक्षता में मेला कार्यालय स्थित आई ट्रिपलसी सभागार में मेला क्षेत्र के सौंदर्यीकरण, घाटों के विकास, आगामी गंगा दशहरा से संगम आरती प्रारंभ किए जाने तथा प्रयागराज मेला प्राधिकरण की वेबसाइट के शुभारंभ संबंधी तैयारियों की समीक्षा बैठक आयोजित की गई। बैठक में जिलाधिकारी श्री मनीष वर्मा, अडिशनल पुलिस कमिश्नर श्री अजयपाल शर्मा, मेलाधिकारी श्री ऋषिराज, नगर आयुक्त श्री साई तेजा सहित अन्य संबंधित अधिकारी उपस्थित रहे।

बैठक में वर्ष पर्यंत मेला क्षेत्र में आने वाले श्रद्धालुओं एवं पर्यटकों को बेहतर सुविधाएं उपलब्ध कराने के उद्देश्य से परेड ग्राउंड के आसपास के क्षेत्रों तथा मेला क्षेत्र को जोड़ने वाली प्रमुख सड़कों, जिनमें काली सड़क, त्रिवेणी मार्ग एवं लाल सड़क शामिल हैं, के समग्र विकास एवं सौंदर्यीकरण पर विस्तारपूर्वक चर्चा की गई। यह सौंदर्यीकरण कार्य जीटी जवाहर चौराहा एवं हर्षवर्धन चौराहे से मेला क्षेत्र में प्रवेश मार्गों से ही प्रारंभ किए जाने का प्रस्ताव रखा गया।

संगम क्षेत्र एवं बड़े हनुमान मंदिर के आसपास समग्र विकास योजना के अंतर्गत वृक्षारोपण, वृक्षों के समीप बैठने की व्यवस्था, आकर्षक प्रकाश एवं पेंटिंग कार्य, मार्गों एवं पिलरों पर शिलालेख, प्रयागवाल कॉलोनी एवं घाटिया कॉलोनी का सौंदर्यीकरण, फूड कोर्ट, सार्वजनिक आवास, छायादार बैठने की व्यवस्था, वेंडिंग जोन, ड्रॉप ऑफ जोन, पार्किंग, बच्चों एवं आमजन के लिए मनोरंजन गतिविधियां, चेंजिंग रूम, इंस्टॉलेशन एवं सेल्फी प्वाइंट तथा स्मारिका केंद्र जैसी सुविधाएं वर्षभर संचालित किए जाने का निर्णय लिया गया।

मंडलायुक्त ने संबंधित अधिकारियों को निर्देशित किया कि समस्त प्रस्तावों को सम्मिलित करते हुए एक विस्तृत डीपीआर शीघ्र तैयार कर प्रस्तुत की जाए। साथ ही संगम क्षेत्र के सभी घाटों की सुरक्षा व्यवस्था सुदृढ़ करने एवं घाटों के सौंदर्यीकरण हेतु वर्षपर्यंत संचालित किए जा सकने वाले फेसलिफ्टिंग प्लान को भी शीघ्र प्रस्तुत करने के निर्देश दिए गए।

बैठक में आगामी गंगा दशहरा से प्रतिदिन संगम क्षेत्र में नियमित आरती प्रारंभ किए जाने पर भी सहमति बनी। प्रारंभिक चरण में संगम क्षेत्र में तथा बाद में किलाघाट पर भी आरती आयोजित की जाएगी। श्रद्धालुओं को सुरक्षित रूप से नौकाओं के माध्यम से आरती दर्शन की सुविधा उपलब्ध कराने हेतु विशेष सुरक्षा व्यवस्था विकसित करने की भी योजना है। बाढ़ की स्थिति में भी जेटी के माध्यम से उचित स्थान पर संगम आरती संचालित किए जाने की व्यवस्था प्रस्तावित की गई है। इसके अंतर्गत जल पुलिस को सुरक्षा संबंधी विस्तृत कार्ययोजना तैयार कर प्रस्तुत करने के निर्देश दिए गए, जिससे आवश्यक संसाधन उपलब्ध कराए जा सकें।

इसी क्रम में गंगा दशहरा के अवसर पर प्रयागराज मेला प्राधिकरण की वेबसाइट का भी शुभारंभ किया जाएगा। इस वेबसाइट पर विभिन्न सुविधाओं के साथ माघ मेला एवं कुंभ मेला से संबंधित जानकारी तथा मेला क्षेत्र में आयोजित होने वाली गतिविधियों का वार्षिक कैलेंडर उपलब्ध रहेगा, जिससे श्रद्धालुओं को पूर्व में ही आवश्यक जानकारी प्राप्त हो सकेगी।

बैठक में किला घाट पर शीघ्र ही सुविनियर शॉप खोलने, संगम क्षेत्र में चेंजिंग रूम्स की संख्या बढ़ाने, सभी प्रमुख मार्गों पर समुचित प्रकाश व्यवस्था, घाटों पर बैरीकेटिंग, रिवर लाइन, सुरक्षा जाल तथा नौकाओं के सुरक्षित संचालन हेतु समर्पित रिवर कॉरिडोर विकसित किए जाने संबंधी प्रस्तावों पर भी विस्तार से चर्चा की गई।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *