सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र रामनगर के संविदा कर्मचारियों ने मांगों को लेकर किया सांकेतिक धरना प्रदर्शन

सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र रामनगर के संविदा कर्मचारियों ने मांगों को लेकर किया सांकेतिक धरना प्रदर्शन

आदर्श सहारा टाइम्स

उरुवा, प्रयागराज। उत्तर प्रदेश राष्ट्रीय स्वास्थ्य मिशन संविदा कर्मचारी संघ के प्रदेश स्तरीय आंदोलन के समर्थन में सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र रामनगर के संविदा कर्मचारियों ने अपनी विभिन्न मांगों को लेकर सांकेतिक धरना-प्रदर्शन किया। कर्मचारियों ने नियमितीकरण, समान कार्य के लिए समान वेतन, सेवा सुरक्षा, स्वास्थ्य बीमा, अनुकंपा नियुक्ति समेत अन्य जायज मांगों को शासन स्तर पर लागू किए जाने की मांग उठाई।
संविदा कर्मचारियों का कहना है कि लंबे समय से स्वास्थ्य विभाग में संविदा के आधार पर कार्य करते हुए वे अपनी सेवाएं दे रहे हैं, लेकिन उनकी मांगों पर अपेक्षित कार्रवाई नहीं की जा रही है। इसी के विरोध में प्रदेश संगठन के आह्वान पर 6 एवं 7 अक्टूबर 2026 को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र रामनगर के परिसर में सांकेतिक धरना-प्रदर्शन किया जा रहा है।
कर्मचारियों ने कहा कि यदि उनकी मांगों पर शीघ्र सकारात्मक निर्णय नहीं लिया गया तो प्रदेश स्तर पर आंदोलन को और व्यापक किया जाएगा। संगठन द्वारा 6 अक्टूबर से मांगें पूरी होने तक संविदा कर्मचारियों एवं अधिकारियों के लखनऊ में एकत्र होकर आंदोलन करने का भी प्रस्ताव रखा गया है।
संविदा कर्मचारियों ने शासन एवं प्रशासन से मांग की कि उनकी समस्याओं और मांगों को शासन स्तर तक भेजते हुए प्रभावी कार्रवाई सुनिश्चित की जाए, ताकि स्वास्थ्य सेवाओं में लंबे समय से कार्यरत संविदा कर्मचारियों को उनका अधिकार मिल सके। जिसमें समस्त एन एच एम कर्मचारी उपस्थित रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *