माघ मेला-2026 आपातकालीन योजनाओं के प्रभावी क्रियान्वयन एवं भीड़ प्रबंधन को लेकर मंडलायुक्त एवं पुलिस आयुक्त की ब्रीफिंग

माघ मेला-2026 आपातकालीन योजनाओं के प्रभावी क्रियान्वयन एवं भीड़ प्रबंधन को लेकर मंडलायुक्त एवं पुलिस आयुक्त की ब्रीफिंग

 

आदर्श सहारा टाइम्स

प्रयागराज ।  मंडलायुक्त श्रीमती सौम्या अग्रवाल एवं पुलिस आयुक्त  जोगेन्द्र कुमार की संयुक्त अध्यक्षता में सोमवार को माघ मेला क्षेत्र स्थित रिज़र्व पुलिस लाइन्स के तीर्थराज सभागार में माघ मेला-2026 की तैयारियों के दृष्टिगत पुलिस अधिकारियों, जोनल/सेक्टर मजिस्टेªट एवं कर्मचारियों का ब्रीफिंग कार्यक्रम आयोजित किया गया। ब्रीफिंग कार्यक्रम को सर्वप्रथम पुलिस अधीक्षक, माघ मेला  नीरज कुमार पाण्डेय द्वारा संबोधित किया गया। उन्होंने सभी क्षेत्राधिकारी, थाना प्रभारी, चौकी प्रभारियों को माघ मेला-2026 के दौरान भीड़ प्रबंधन हेतु लागू की गई सभी 10 आपातकालीन योजनाओं के संबंध में विस्तृत जानकारी दी एवं साथ ही आपातकालीन योजना संख्या 01 से 04 (घाटों से संबंधित) तथा योजना संख्या 10 (नाविकों से संबंधित) के क्रियान्वयन के संबंध में संबंधित अधिकारियों से आवश्यक फीडबैक प्राप्त किया।

इसके उपरांत अपर पुलिस आयुक्त डॉ. अजय पाल शर्मा के द्वारा आपातकालीन योजनाओं पर विशेष बल देते हुए निर्देशित किया गया कि योजनाओं को लागू करते समय यदि किसी भी स्तर पर कोई कठिनाई उत्पन्न होती है, तो तत्काल उच्चाधिकारियों को अवगत कराया जाए तथा इसमें किसी भी प्रकार की शिथिलता न बरती जाए। उन्होंने स्थानीय स्तर पर नियमित मॉक ड्रिल एवं रिहर्सल के माध्यम से भीड़ प्रबंधन की आपातकालीन योजनाओं को व्यवहार में लाने पर जोर दिया।

जिलाधिकारी  मनीष कुमार वर्मा के द्वारा सभी जोनल/सेक्टर प्रभारियों को निर्देशित किया गया कि वे अपने-अपने जोन/सेक्टर क्षेत्राधिकारियों एवं थाना प्रभारियों के साथ बेहतर समन्वय स्थापित करते हुए एक साथ भ्रमणशील रहें तथा पार्किंग, होल्डिंग एरिया एवं घाट क्षेत्रों पर सतत निगरानी बनाए रखें। जिलाधिकारी द्वारा मेला ड्यूटी में लगे सभी मजिस्ट्रेट को मंच पर बुलाकर परिचय कराया और कार्य की प्रगति की समीक्षा भी की गई।

इस अवसर पर पुलिस आयुक्त, कमिश्नरेट प्रयागराज  जोगेंद्र कुमार द्वारा पुलिस बल को संबोधित करते हुए कहा गया कि माघ मेला-2026 के दौरान भीड़ प्रबंधन एवं आपातकालीन योजनाओं का त्वरित, समन्वित एवं प्रभावी क्रियान्वयन अत्यंत आवश्यक है। उन्होंने निर्देशित किया कि आपात स्थिति उत्पन्न होने पर कम से कम समय में निकासी क्षमता को कई गुना बढ़ाने की तैयारी हर स्तर पर सुनिश्चित की जाए, प्रत्येक चौराहे/तिराहे एवं सभी ड्यूटी पॉइंट्स पर पर्याप्त पुलिस बल की तैनाती रहे तथा कंट्रोल रूम से निर्देश प्राप्त होते ही बिना किसी विलंब के आपातकालीन योजनाओं को लागू किया जाए। उन्होंने प्रवेश मार्गों एवं घाटों पर निरंतर गश्त, चेकिंग कर अतिक्रमण हटाने एवं अव्यवस्था को रोकने, श्रद्धालुओं को घाटों पर रुकने अथवा सोने से रोकने तथा आवश्यकता पड़ने पर उन्हें निर्धारित विश्राम स्थलों/शिविरों की ओर निर्देशित करने के भी निर्देश दिए।

मंडलायुक्त श्रीमती सौम्या अग्रवाल ने उपस्थित अधिकारियों को संबोधित करते हुए कहा कि श्रद्धालुओं की सुरक्षा, सुविधा एवं सुव्यवस्थित स्नान व्यवस्था प्रशासन की सर्वाेच्च प्राथमिकता है। उन्होंने सभी संबंधित विभागों को आपसी समन्वय, निरंतर संवाद एवं जमीनी स्तर पर सक्रिय उपस्थिति के साथ कार्य करने के लिए कहा, जिससे माघ मेला-2026 को सुरक्षित, शांतिपूर्ण एवं सफल रूप से संपन्न कराया जा सके।

बैठक के पश्चात मंडलायुक्त श्रीमती सौम्या अग्रवाल ने सभी वरिष्ठ अधिकारियों के साथ माघ मेला 2026 की सन्निकटता के दृष्टिगत संगम नोज व अन्य क्षेत्रों का निरीक्षण किया तथा चल रही तैयारियों का जायजा लिया एवं सभी सम्बंधित अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए। उन्होंने शेष कार्यों को जल्द से जल्द पूर्ण कराने के निर्देश सम्बंधित अधिकारियों को दिए है।

मण्डलायुक्त ने मीडिया को सम्बोधित करते हुए कहा कि सीसीटीवी कैमरों की मदद से पूरे मेला क्षेत्र की सतत् निगरानी की जा रही है। सीसीटीवी व एआई की मदद से भीड़ प्रबंधन मैनेजमेंट किया जायेगा। उन्होंने कहा कि मेले में आने वाले श्रद्धालुओं की सुविधा के लिए सभी आवश्यक प्रबंध किए जा रहे है, कहीं किसी प्रकार की कोई कमी नहीं रहेगी। उन्होंने कहा कि मेला क्षेत्र के समस्त सेक्टर मजिस्टे्ट एवं विभागीय अधिकारियों को निर्देशित किया गया है कि वे सभी अपने-अपने क्षेत्रों में निरन्तर भ्रमण करते हुए कार्यों की प्रगति की जानकारी लेते रहें। उन्होंने सभी स्नान घाटों पर गहराई के दृष्टिगत सभी आवश्यक प्रबंध करने के लिए कहा है, जिससे कि कोई घटना न होने पाये।

इस ब्रीफिंग कार्यक्रम में पुलिस उपायुक्त नगर  मनीष कुमार, पुलिस उपायुक्त यमुनापार  विवेक कुमार, पुलिस उपायुक्त गंगापार  कुलदीप गुनावत, अपर जिलाधिकारी (प्रोटोकॉल), सहायक पुलिस आयुक्त  राजकुमार मीणा, सहायक नोडल पुलिस अधिकारी माघ मेला  विजय आनन्द’ सहित माघ मेला से जुड़े अन्य राजपत्रित अधिकारी एवं संबंधित विभागों के अधिकारी/कर्मचारी उपस्थित रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *