मेजा प्लांट परिसर में डंफर की चपेट में आने से एक युवक की मौत, मचा कोहराम
आदर्श सहारा टाइम्स
मेजा, प्रयागराज। मेजा थाना क्षेत्र के भटौती स्थित केशर प्लांट माइंस में सोमवार को दर्दनाक हादसा हो गया। प्लांट परिसर में डंफर की चपेट में आने से एक युवक की मौत हो गई। घटना के बाद परिवार में कोहराम मच गया।
मृतक की पहचान कौशलेस आदिवासी (19) पुत्र रामबाबू आदिवासी निवासी भटौती के रूप में हुई है। बताया जा रहा है कि कौशलेस प्लांट में कंडक्टरी का काम करता था और साथ ही ड्राइवर का कार्य भी सीख रहा था।
परिजनों के अनुसार कौशलेस तीन भाइयों में तीसरे नंबर पर था। परिवार पर पहले से ही दुखों का पहाड़ टूटा हुआ था। मृतक के दूसरे नंबर के भाई की 14 मई को कोरांव के बढ़वारी मिश्रपुर के पास हुए सड़क हादसे में मौत हो गई थी। एक महीने के भीतर परिवार में दूसरी मौत होने से परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है।
घटना को लेकर परिजनों ने गंभीर आरोप लगाए हैं। उनका कहना है कि सुबह सूचना मिलने पर जब वे घटना स्थल पर पहुंचे तो वहां शव मौजूद नहीं था। आरोप है कि शव को वहां से गायब कर दिया गया। परिजनों ने केशर प्लांट के मालिक सुमंत तिवारी पर मामले में लीपापोती करने का आरोप लगाया है।
घटना की सूचना पर पहुंची पुलिस मामले की जांच में जुट गई है। वहीं, गांव में घटना को लेकर शोक और आक्रोश का माहौल बना हुआ है। फिलहाल पुलिस प्रशासन जांच पड़ताल में जुटी।
