यू०पी० बोर्ड परीक्षा-2026 में जनपद की श्रेष्ठता सूची के मेधावी छात्र/छात्राओं का सम्मान समारोह सम्पन्न

यू०पी० बोर्ड परीक्षा-2026 में जनपद की श्रेष्ठता सूची के मेधावी छात्र/छात्राओं का सम्मान समारोह सम्पन्न

माननीय मुख्यमंत्री  के कर कमलों से लोक भवन लखनऊ में जनपद प्रयागराज के 05 मेधावी विद्यार्थियों को रु०-1 लाख, 01 टैबलेट, प्रशस्ति पत्र, मेडल देकर किया गया सम्मानित

माननीय महापौर  उमेश चन्द्र गणेश केसरवानी के द्वारा 15 मेधावी छात्र/छा़त्राओं को संगम सभागार में आयोजित समारोह में किया गया सम्मानित

युवा पीढ़ी की उपलब्धियां ही राष्ट्र के सशक्त और विकसित भविष्य की आधारशिला-माननीय महापौर

आदर्श सहारा टाइम्स

प्रयागराज । जनपद प्रयागराज के यू०पी० बोर्ड परीक्षा 2026 मे प्रदेश की श्रेष्ठता सूची के टॉप-10 में से जनपद प्रयागराज के 05 मेधावी विद्यार्थियों को लोक भवन लखनऊ में माननीय मुख्यमंत्री जी के कर कमलों से रु०-1 लाख, 01 टैबलेट, प्रशस्ति पत्र, मेडल देकर सम्मानित किया। माननीय मुख्यमंत्री जी के लखनऊ में आयोजित कार्यक्रम का सजीव प्रसारण जनपद में कलेक्टेट स्थित संगम सभागार में किया गया। संगम सभागार में आयोजित कार्यक्रम में जनपद के श्रेष्ठता सूची के टॉप-10 में स्थान प्राप्त करने वाले 15 मेधावी छात्र/छा़त्राओं को मुख्य अतिथि माननीय महापौर  उमेश चन्द्र गणेश केसरवानी, माननीय विधान परिषद सदस्य सुरेन्द्र चौधरी, जिलाधिकारी  मनीष कुमार वर्मा,एवं मुख्य विकास अधिकारी सुश्री हर्षिका सिंह के कर कमलों से रु० 21000 का चेक, प्रशस्ति पत्र एवं मेडल देकर सम्मानित किया गया।

इस अवसर पर मुख्य अतिथि माननीय महापौर  उमेश चन्द्र गणेश केसरवानी ने अपने सम्बोधन में वर्ष 2026 की हाईस्कूल एवं इण्टरमीडिएट परीक्षा में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले सभी मेधावी विधार्थियों को बधाई एवं उज्जवल भविष्य की शुभकामनाएं देते हुए विधार्थियों की मेहनत, अनुशासन एवं सफलता की सराहना की। कहा कि आज का यह दिन जीवन पर्यन्त याद रहने का दिन है। उन्होंने विद्यार्थिंयों से कहा कि आपका यह जीवन केवल आपका जीवन नहीं है, यह समाज की पंूजी है तथा देश की सम्पत्ति है, आपको इसी भाव के साथ आगे बढ़ना है। उन्होंने कहा कि आगे इसी तरह से बड़ी सफलताएं मिले, इसके लिए आपको आज से चार गुना अधिक परिश्रम करना होगा। एक लक्ष्य निर्धारित कर उसकी प्राप्ति के लिए अपने संकल्प को मजबूत करना होगा। युवा पीढ़ी की उपलब्धियां ही राष्ट्र के सशक्त और विकसित भविष्य की आधारशिला है। मा0 महापौर जी ने इस अवसर पर विद्यार्थिंयों के साथ ही उनके अभिभावकों एवं गुरूजनों को भी हार्दिक बधाई एवं शुभकामनाएं दी है। उन्होंने मेधावियों को प्रेरित करते हुए कहा कि हमें पीछे मुड़कर नहीं देखना है बल्कि आगामी परीक्षा में प्रदेश के टॉप-10 में अपना स्थान निश्चित करना है। इण्टर के विद्यार्थी अपना लक्ष्य निश्चित करें और ध्यान रखें कि संकल्प का कोई विकल्प नहीं होना चाहिए कडी मेहनत कर अपना लक्ष्य प्राप्त करें।

इस अवसर पर जिलाधिकारी ने सभी मेधावी विद्यार्थियों को बधाई एवं शुभकामनाएं देते हुए कहा कि आप सभी लोग इस सफलता और मेहनत की निरंतरता को बनाये रखिए। उन्होंने कहा कि इस प्रारम्भिक सफलता को अन्तिम सफलता न माने, आपको यह एक प्लेटफार्म मिला है, जिससे आपका अपनी प्रतिभा के प्रति आत्मसंदेह दूर हुआ है तथा यह सफलता आपके जीवन की अच्छी शुरूआत है। इस प्रारम्भिक सफलता से जीवन में और अधिक कठिन परिश्रम करने की प्रेरणा मिलेगी। उन्होंने कहा कि जीवन में सफलता के लिए केवल प्रतिभा का होना ही पर्याप्त नहीं है, अपितु जीवन का एक निश्चित लक्ष्य होने के साथ उसे अर्जित करने के लिए लक्ष्य के प्रति ईमानदार रहते हुए निरंतर कठिन परिश्रम करते रहना चाहिए। उन्होंने कहा कि सफलता उसी को मिलती है, जो निरंतरता के साथ कड़ी मेहनत करता है। उन्होंने कहा कि जीवन में कड़ी मेहनत के बावजूद भी असफलता मिल सकती है, लेकिन हमें इस असफलता से बिना डरे अपने लक्ष्य की प्राप्ति के लिए कड़ी मेहनत करना जारी रखना है एवं हमें डटे रहना है, मन में गांठ बांध ले कि एक न एक दिन सफलता अवश्य प्राप्त होगी। उन्होंने कहा कि सफल होने के पश्चात हमें अपने परिवार, समाज को नहीं भूलना है तथा उसके प्रति भी हमें अपनी जिम्मेदारी निभानी है। उन्होंने कहा कि हमें अपनी जड़े मजबूत रखते हुए बड़े उद्देश्य के साथ कार्य करना चाहिए।

जिला विद्यालय निरीक्षक  पी०एन० सिंह ने अपने स्वागत उद्बाोदन में बताया कि हाईस्कूल एवं इण्टरमीडिएट में हमारे जनपद का परीक्षाफल राज्य के औसत परीक्षाफल से अधिक रहा है। मुख्य अतिथि महोदय का आगमन और उनका आशीर्वचन हमारे मेधावी छात्र-छात्राओं के लिए न केवल प्रेरणा दायी होगा वरन् उनके सुन्दर भविष्य के लिए मार्गदर्शी होगा।

मुख्य विकास अधिकारी सुश्री हर्षिका सिंह ने जिला विद्यालय निरीक्षक एवं उनकी टीम को शुभकामनायें देते हुए कहा कि इस प्रकार के आयोजनों से बच्चों का उत्साह वर्धन होगा साथ ही स्वस्थ प्रतिस्पर्धा के माध्यम से नई ऊचाई की ओर बढे़ंगे। कार्यक्रम का संचालन डॉ० प्रभाकर त्रिपाठी एवं आभार  विजय सिंह यादव, सह जिला विद्यालय निरीक्षक, प्रयागराज द्वारा किया गया। इस अवसर पर मेधावी छात्र/छात्राओं के प्रधानाचार्य, शिक्षक सहित सह जिला विद्यालय निरीक्षक,  विजय सिंह यादव, सहित डॉ० बी०एस०यादव,  के०के० त्रिपाठी, श्रीमती किरन राय,  रणविजय, खेल सचिव बृजेश श्रीवास्तव आदि उपस्थित रहें।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *