जमीन पर कब्जे के विवाद को लेकर रामसागर गुप्ता ने डीएम से फिर लगाई न्याय की गुहार

जमीन पर कब्जे के विवाद को लेकर रामसागर गुप्ता ने डीएम से फिर लगाई न्याय की गुहार

आदर्श सहारा टाइम्स

मांडा । मांडा ब्लॉक के हंडिया गांव निवासी रामसागर गुप्ता ने अपनी जमीन पर कथित रूप से जबरन कब्जा किए जाने और कब्जे का विस्तार किए जाने का आरोप लगाते हुए जिलाधिकारी प्रयागराज से न्याय की गुहार लगाई है। उन्होंने जिलाधिकारी को दिए प्रार्थना पत्र में पूरे मामले की जांच कराकर विवादित भूमि पर किए जा रहे कथित कब्जे को रोकने और नियमानुसार कार्रवाई किए जाने की मांग की है।
प्रार्थना पत्र के अनुसार, रामसागर गुप्ता की मौजा हंडिया, टप्पा मांडा, परगना खेरागढ़, तहसील मेजा स्थित आराजी संख्या 548, रकबा 0.4240 हेक्टेयर भूमि है। शिकायतकर्ता का कहना है कि उक्त भूमि को लेकर एसडीएम मेजा न्यायालय में धारा 134 के तहत वाद विचाराधीन है। इसके साथ ही भूमि से संबंधित अन्य न्यायिक प्रक्रिया भी चल रही है।
शिकायतकर्ता का आरोप है कि मामला न्यायालय में विचाराधीन होने के बावजूद विपक्षी पक्ष द्वारा विवादित भूमि पर कब्जे का विस्तार किया जा रहा है। आवेदन में यह भी आरोप लगाया गया है कि कब्जे का विरोध करने पर शिकायतकर्ता और उसके परिवार को कथित रूप से जान से मारने की धमकी दी जा रही है तथा मुकदमे में फंसाने की धमकी भी दी जा रही है।
रामसागर गुप्ता ने बताया कि उन्होंने इस संबंध में पहले भी थाना मांडा और उपजिलाधिकारी मेजा को प्रार्थना पत्र देकर शिकायत की थी। उनके अनुसार, मामले में लेखपाल एवं राजस्व निरीक्षक द्वारा मौके की जांच कर रिपोर्ट भी प्रस्तुत की जा चुकी है। इसके बावजूद समस्या का स्थायी समाधान नहीं होने पर उन्होंने अब जिलाधिकारी से मामले में हस्तक्षेप कर शीघ्र न्याय दिलाने की मांग की है।
प्रार्थना पत्र में उन्होंने कहा कि जमीन को लेकर चल रहे विवाद का जल्द निस्तारण कराया जाए, ताकि किसी भी पक्ष के बीच तनाव की स्थिति उत्पन्न न हो और भविष्य में कोई अप्रिय घटना न हो सके। उन्होंने जिलाधिकारी से आराजी संख्या 548, रकबा 0.4240 हेक्टेयर से संबंधित दोनों मामलों का शीघ्र निस्तारण कराकर कथित कब्जे को हटाने एवं दोषियों के विरुद्ध नियमानुसार विधिक कार्रवाई किए जाने का अनुरोध किया है।
रामसागर गुप्ता ने प्रशासन से मांग की है कि पूरे मामले की निष्पक्ष जांच कराकर उन्हें उनकी भूमि पर शांतिपूर्ण तरीके से कब्जा दिलाया जाए और परिवार की सुरक्षा सुनिश्चित की जाए।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *