लोहारी व बगहा में एफएमडी टीकाकरण संपन्न, मानदेय न मिलने पर पशु मित्रों ने फूंका बिगुल
4 अगस्त से मेजारोड़ ब्लॉक अध्यक्ष अखिलेश यादव की अगुवाई में शुरू होगा ‘लखनऊ चलो’ अभियान
आदर्श सहारा टाइम्स
मेजा। ग्रामीण अर्थव्यवस्था की रीढ़ माने जाने वाले पशुधन को खुरपका-मुंहपका (FMD) जैसी गंभीर व संक्रामक बीमारियों से बचाने के लिए पशुपालन विभाग का सघन टीकाकरण अभियान जोरों पर है। इसी क्रम में शुक्रवार, 31 जुलाई 2026 को ग्राम सभा लोहारी चौकी और बगहा में पशुओं का एफएमडी टीकाकरण सफलतापूर्वक संपन्न कर लिया गया। यह महत्वपूर्ण अभियान पशु चिकित्सालय के अधीक्षक डॉ. सत्यप्रकाश के कुशल निर्देशन व देखरेख में चलाया गया।
गांव के हर पशु को सुरक्षित करने के लिए विभागीय टीम ने घर-घर जाकर कड़ी मेहनत की। डॉ. सत्यप्रकाश के नेतृत्व में गठित इस टीम में अखिलेश कुमार (पशु मित्र), संतोष तिवारी (पशु मित्र), अनिरुद्ध (चतुर्थ श्रेणी), शमशेर सिंह (पैरावेट), पवन कुमार (पैरावेट), रोहित कुमार यादव (पैरावेट), आशीष कुमार पटेल (पशु मित्र), जनार्दन प्रसाद मिश्रा (पशु मित्र) और अमरेश सिंह (वैक्सीनेटर) शामिल रहे। पशुपालकों और ग्रामीणों ने टीम के इस अथक प्रयास की जमकर सराहना की है।
मानदेय न मिलने से पनपा आक्रोश, दी आंदोलन की चेतावनी
एक ओर जहां पशु मित्र व पैरावेट कर्मचारी अपनी परवाह किए बिना पशुधन बचाने में जुटे हैं, वहीं दूसरी ओर लंबे समय से मानदेय न मिलने के कारण इनके सामने रोजी-रोटी का गहरा संकट खड़ा हो गया है। विभागीय उपेक्षा और आर्थिक तंगी से आक्रोशित पशु मित्रों ने अब आर-पार की लड़ाई का ऐलान कर दिया है।
मेजारोड़ ब्लॉक अध्यक्ष अखिलेश यादव ने बताया कि अल्प मानदेय पर काम कर रहे इन जमीनी कार्यकर्ताओं का लगातार शोषण किया जा रहा है, जिसे अब और बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। अपनी मांगों को लेकर आगामी 4 अगस्त को ब्लॉक स्तर पर एक उग्र विरोध प्रदर्शन किया जाएगा।
इसके साथ ही प्रदेश सरकार की कुंभकर्णी नींद तोड़ने के लिए 4 अगस्त से ही ‘लखनऊ चलो’ अभियान का शंखनाद भी होगा। पशु मित्रों ने शासन-प्रशासन को स्पष्ट चेतावनी दी है कि यदि उनके लंबित मानदेय का तत्काल भुगतान नहीं किया गया, तो वे राजधानी लखनऊ की सड़कों पर उतरकर एक निर्णायक आंदोलन करने के लिए विवश होंगे।
