जिलाधिकारी ने जल जमाव से प्रभावित क्षेत्रों का भ्रमण कर वहां पर साफ सफाई एवं चूना छिड़काव के दिए निर्देश
पम्पिंग स्टेशनों को 24 घंटे क्रियाशील रखने के दिए निर्देश
नगर निगम के अधिकारी निरंतर भ्रमणशील रहकर जहां पर भी जल जमाव की स्थिति उत्पन्न हो, वहां पर तत्काल जल निकासी की व्यवस्था सुनिश्चित करायें-जिलाधिकारी
आदर्श सहारा टाइम्स
प्रयागराज । जिलाधिकारी मनीष कुमार वर्मा नगर आयुक्त सीलम साईं तेजा के साथ जनपद में हो रही लगातार बारिश के कारण जल जमाव से प्रभावित हुए जार्ज टाउन, टैगोर टाउन, सोहबतियाबाग तथा अन्य क्षेत्रों का भ्रमण कर वस्तुस्थिति को देखा। अधिकतर क्षेत्रों में जल जमाव समाप्त हो गया है। जिलाधिकारी ने जहां पर जल जमाव हुआ था, वहां पर साफ सफाई कराने के साथ चूना छिड़काव के निर्देश दिए है। साथ ही साथ उन्होंने पंपिंग व्यवस्था एवं जल निकासी के इंतजामों को निरंतर बनाये रखने का निर्देश दिया है। जिलाधिकारी ने कहा बारिश के कारण किसी भी क्षेत्र में जलजमाव की स्थिति न होने पाये, इसकी निरंतर निगरानी एवं प्रभावी कार्यवाही होती रहे। आम जनता को जलभराव से किसी प्रकार की असुविधा न हो यह सुनिश्चित किया जाए। सभी नालों, नालियों की सफाई युद्ध स्तर पर कराई जाए, ताकि वो चोक ना होने पाए। मोरी पम्पिंग स्टेशन का निरीक्षण करते हुए पम्पिंग स्टेशनों को 24 घंटे चालू रखने के निर्देश दिए है। शहर में हो रही लगातार बारिश के मद्देनज़र नगर निगम पूरी तरह अलर्ट रहे। उन्होंने नगर निगम के अधिकारियों से कहा कि विभिन्न क्षेत्रों का लगातार निरीक्षण कर जल जमाव एवं जल निकासी व्यवस्था का जायजा लेते रहे, अगर कही भी किसी तरह की समस्या आ रही हो तो तत्काल उसका निराकरण कराए। जिलाधिकारी ने निरीक्षण के दौरान उपस्थित सभी अधिकारियों से कहा की सभी आवश्यक व्यवस्थाएं सुनिश्चित रहे, ताकि बारिश के दौरान कही पर भी जलभराव की स्थिति न उत्पन्न होने पाए तथा नागरिकों का आवागमन सुचारु बना रहे।
