मेजा क्षेत्र में सिलेंडर फटने से घर में लगी भीषण आग, पूरी गृहस्थी जलकर खाक
आदर्श सहारा टाइम्स
मेजा, प्रयागराज। मेजा थाना क्षेत्र के भटौती गांव में गैस सिलेंडर फटने से एक घर में भीषण आग लग गई। अचानक हुए हादसे से परिवार में अफरा-तफरी मच गई। आग इतनी तेजी से फैली कि घर में रखा गृहस्थी का सामान देखते ही देखते जलकर राख हो गया।
बताया गया कि हादसा मुन्ना राम पुत्र सुग्गी लाल के घर में हुआ। गैस सिलेंडर फटने की आवाज सुनकर आसपास के लोगों में हड़कंप मच गया। ग्रामीण तत्काल मौके पर पहुंचे और आग बुझाने में जुट गए। काफी प्रयास के बाद आग पर काबू पाया गया, लेकिन तब तक घर में रखा अधिकांश सामान आग की भेंट चढ़ चुका था।
अचानक आई इस आपदा ने परिवार की पूरी गृहस्थी उजाड़ दी। घर में रखा घरेलू सामान और अन्य जरूरी सामग्री जल जाने से पीड़ित परिवार के सामने बड़ी परेशानी खड़ी हो गई है। हादसे के बाद पीड़ित परिवार सदमे में है।
घटना की सूचना संबंधित अधिकारियों को दी गई है। ग्रामीणों ने प्रशासन से मौके पर पहुंचकर आग से हुए नुकसान का आकलन कराने और पीड़ित परिवार को नियमानुसार आर्थिक सहायता उपलब्ध कराने की मांग की है। समाज सेवी राजेंद्र प्रसाद निषाद पीड़ित परिवार को आर्थिक मदद की लिए कहा।
