मेजा क्षेत्र में ट्रैक्टर की जोरदार टक्कर से बाइक सवार युवक की मौत, मौके पर मचा हड़कंप

मेजा क्षेत्र में ट्रैक्टर की जोरदार टक्कर से बाइक सवार युवक की मौत, मौके पर मचा हड़कंप

सहारा सन्देश टाइम्स

मेजा, प्रयागराज। कोहड़ार घाट चौकी क्षेत्र में बुधवार को एक दर्दनाक सड़क हादसे में बाइक सवार युवक की मौत हो गई। हादसा कोहड़ार गांव के समीप उस समय हुआ, जब युवक बाइक से कोहड़ार से अपने घर धरवारा की ओर लौट रहा था। इसी दौरान पीछे से आए तेज रफ्तार ट्रैक्टर ने बाइक में जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि बाइक सवार युवक सड़क पर गिरकर गंभीर रूप से घायल हो गया और मौके पर ही उसकी मौत हो गई।
मृतक की पहचान रणविजय सिंह पुत्र पांचू सिंह, निवासी धरवारा के रूप में हुई है। बताया जा रहा है कि रणविजय सिंह किसी काम से बाइक लेकर कोहड़ार गया था। काम पूरा करने के बाद वह बाइक से वापस अपने गांव धरवारा लौट रहा था। जैसे ही वह कोहड़ार गांव के समीप पहुंचा, तभी पीछे से आए ट्रैक्टर ने उसकी बाइक को जोरदार टक्कर मार दी।
हादसे के बाद आसपास मौजूद लोगों में अफरा-तफरी मच गई। स्थानीय लोगों ने घटना की सूचना पुलिस को दी। सूचना मिलते ही कोहड़ार घाट चौकी पुलिस मौके पर पहुंची और घटना की जानकारी जुटाते हुए शव को कब्जे में ले लिया।
पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर आवश्यक कार्रवाई शुरू कर दी है। हादसे के बाद मृतक के परिवार में कोहराम मच गया। परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है। पुलिस दुर्घटना के कारणों की जांच करने के साथ ही हादसे में शामिल ट्रैक्टर के संबंध में जानकारी जुटा रही है। घटना को लेकर पुलिस की जांच पड़ताल जारी है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *