पकरी सेवार में फर्जी एफिडेविट के जरिए कोटा बहाली का आरोप, जांच में मिले फर्जी दस्तावेज
आदर्श सहारा टाइम्स
मेजा, प्रयागराज। उरुवा विकास खंड के अंतर्गत ग्राम पंचायत पकरी सेवार में सरकारी राशन की दुकान की बहाली को लेकर बड़ा मामला सामने आया है। पूर्व कोटेदार द्वारा फर्जी एफिडेविट के माध्यम से राशन की दुकान बहाल कराने के आरोप में विभागीय जांच की गई, जिसमें कई एफिडेविट फर्जी पाए जाने की बात सामने आई है। जांच करने आई टीम में सप्लाई इंस्पेक्टर अजय कुमार मिश्रा साथ में रहे यारों लाल जी व रामस्वरूप ने बताया कि फर्जी तरीके से 10 एफिडेविट पूर्व कोटेदार द्वारा लगाए गए थे जिसमें 66 एफिडेविट की बात की गई तो उन्होंने बताया कि हमको जानकारी नहीं है और यह फर्जी तरीके से बनवा कर लगा दिया गया है। ग्रामीणों ने आरोप लगाया कि पूर्व कोटेदार राकेश भारतीय द्वारा ग्रामीणों के नाम से बिना जानकारी के फर्जी एफिडेविट तैयार कराकर बहाली के लिए लगाया गया है। पकरी सेवार पंचायत भवन में जांच करने पहुंची टीम के सामने सैकड़ों महिलाओं ने बयान दिया कि हमें इस कोटे की बहाली नहीं चाहिए, जहां वर्तमान में कोटा चल रहा है वहीं ठीक है।
महिलाओं ने पूर्व कोटेदार पर गंभीर आरोप लगाते हुए कहा कि पहले भी समय से राशन नहीं दिया जाता था, राशन मांगने पर दुर्व्यवहार किया जाता था। हम लोगों को पता ही नहीं चला कि हमारे नाम से एफिडेविट बनवाकर लगा दिया गया है। वहीं ग्राम प्रधान प्रतिनिधि ने कहा कि फर्जी तरीके से दस्तावेज तैयार कर कोटा बहाल करने का प्रयास किया जा रहा है, ऐसे पूर्व कोटेदार के खिलाफ विभाग को दंडात्मक कार्रवाई करनी चाहिए। फिलहाल जांच टीम ने ग्रामीणों के बयान दर्ज कर रिपोर्ट उच्च अधिकारियों को भेजने की बात कही है। इस मामले को लेकर गांव में चर्चा का माहौल बना हुआ है।
