एनएचएम कर्मचारियों ने सीएमओ को सौंपा ज्ञापन, 8 अक्टूबर से लखनऊ में अनिश्चितकालीन हड़ताल का ऐलान

एनएचएम कर्मचारियों ने सीएमओ को सौंपा ज्ञापन, 8 अक्टूबर से लखनऊ में अनिश्चितकालीन हड़ताल का ऐलान

आदर्श सहारा टाइम्स

प्रयागराज। संयुक्त राष्ट्रीय स्वास्थ्य मिशन संघ के पदाधिकारियों एवं कर्मचारियों ने अपनी विभिन्न मांगों को लेकर मुख्य चिकित्सा अधिकारी (सीएमओ) को ज्ञापन सौंपा। संघ ने मांगों के समाधान न होने पर 8 अक्टूबर से लखनऊ में अनिश्चितकालीन हड़ताल शुरू करने का ऐलान किया है। संघ की प्रमुख मांगों में समान कार्य के लिए समान वेतन, एनएचएम कर्मचारियों का नियमितीकरण, कर्मचारियों के लिए उचित ट्रांसफर पॉलिसी लागू करने तथा न्यूनतम वेतन सुनिश्चित करने की मांग शामिल है। इसके साथ ही कोविड-19 महामारी के दौरान स्वास्थ्य सेवाओं में महत्वपूर्ण भूमिका निभाने वाले कर्मचारियों को दोबारा नौकरी पर रखने की मांग भी उठाई गई है।
संघ पदाधिकारियों का कहना है कि एनएचएम कर्मचारी लंबे समय से स्वास्थ्य विभाग में अपनी सेवाएं दे रहे हैं, लेकिन उनकी जायज मांगों पर अपेक्षित कार्रवाई नहीं की जा रही है। कर्मचारियों का आरोप है कि लगातार मांग उठाने के बावजूद समस्याओं का स्थायी समाधान नहीं हुआ है।
ज्ञापन के माध्यम से संघ ने शासन और स्वास्थ्य विभाग से मांगों पर शीघ्र सकारात्मक निर्णय लेने की अपील की है। संघ ने स्पष्ट किया कि यदि मांगों का समाधान नहीं किया गया तो 8 अक्टूबर से लखनऊ में अनिश्चितकालीन आंदोलन किया जाएगा। इससे प्रदेश में एनएचएम सेवाओं पर भी असर पड़ने की संभावना जताई गई है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *