ट्रेन की चपेट में आने से 12 वर्षीय किशोर की मौत, परिवार में मचा कोहराम
आदर्श सहारा टाइम्स
मेजा, प्रयागराज। मेजा थाना क्षेत्र के मेजारोड चौकी अंतर्गत समहन टिकुरी गांव में रविवार को दिल्ली-हावड़ा रेलमार्ग पार करते समय ट्रेन की चपेट में आने से 12 वर्षीय किशोर की दर्दनाक मौत हो गई। हादसे में सिर में गंभीर चोट लगने के कारण किशोर ने मौके पर ही दम तोड़ दिया।
टिकुरी गांव निवासी विजय केशरी दुकान चलाते हैं। उनका इकलौता पुत्र कार्तिकेय (12) रविवार को दक्षिण दिशा में स्थित रेलवे लाइन की ओर शौच के लिए गया था। बताया जा रहा है कि वापस लौटते समय वह रेलवे लाइन पार कर रहा था। इसी दौरान अचानक ट्रेन आ गई। ट्रेन की तेज रफ्तार से उठे हवा के झोंके की चपेट में आने से किशोर असंतुलित होकर रेलवे लाइन किनारे पड़ी गिट्टी पर जा गिरा। सिर में गंभीर चोट लगने से उसकी मौके पर ही मौत हो गई।
घटना की जानकारी मिलते ही परिजनों में कोहराम मच गया। परिजन शव को घर ले आए। कुछ देर बाद शव को छतवा गंगाघाट ले जाकर अंतिम संस्कार कर दिया गया। सूचना मिलने पर मेजारोड चौकी पुलिस मौके पर पहुंची और घटना की जांच-पड़ताल में जुट गई।
इकलौते बेटे की मौत से परिवार में मातम पसरा हुआ है।
