रामनगर सीएचसी अधीक्षक को संगिनी व आशा बहुओं ने सौंपा ज्ञापन, मांगों के समर्थन में आंदोलन का ऐलान

संविदा कर्मचारियों व आशा-संगिनी का 8 से 10 अक्टूबर तक कार्य बहिष्कार, 12 से लखनऊ में अनिश्चितकालीन धरना

रामनगर सीएचसी अधीक्षक को संगिनी व आशा बहुओं ने सौंपा ज्ञापन, मांगों के समर्थन में आंदोलन का ऐलान

आदर्श सहारा टाइम्स

मेजा, प्रयागराज। उत्तर प्रदेश राष्ट्रीय स्वास्थ्य मिशन संविदा कर्मचारी संघ के आह्वान पर संविदा कर्मचारियों, आउटसोर्स कर्मियों, संगिनी एवं आशा बहनों ने अपनी विभिन्न मांगों को लेकर चरणबद्ध आंदोलन का ऐलान किया है। आंदोलन के तहत 8, 9 और 10 अक्टूबर 2026 को कार्य बहिष्कार किया जाएगा। इसके बाद 12 अक्टूबर से लखनऊ स्थित इको गार्डन में अनिश्चितकालीन शांतिपूर्ण एवं अनुशासित धरना प्रदर्शन शुरू करने की तैयारी है।
इसी क्रम में सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र रामनगर में संगिनी एवं आशा कार्यकर्ताओं ने अपनी मांगों को लेकर सीएचसी अधीक्षक को ज्ञापन सौंपा। कर्मचारियों ने कहा कि लंबे समय से स्वास्थ्य विभाग में संविदा, आउटसोर्स, संगिनी एवं आशा कार्यकर्ता अपनी सेवाएं दे रहे हैं, लेकिन उनकी विभिन्न मांगों का अभी तक अपेक्षित समाधान नहीं हो सका है।
संघ की प्रमुख मांगों में समान कार्य के लिए समान वेतन, लंबे समय से कार्यरत एचएम कर्मियों एवं आउटसोर्स कर्मचारियों को राज्य आधारित स्वास्थ्य व्यवस्था में समाहित कर नियमित किए जाने की मांग शामिल है। इसके साथ ही एनएचएम एवं आउटसोर्स कर्मचारियों को ईपीएफ, ईएसआई, ग्रेच्युटी और स्वास्थ्य बीमा सहित सामाजिक सुरक्षा का लाभ देने की मांग की गई है।
आउटसोर्स कर्मियों के समायोजन अथवा प्रस्तावित आउटसोर्स सेवा निगम के माध्यम से नियोजन कर निगम से मिलने वाले लाभ उपलब्ध कराने की भी मांग उठाई गई है। वहीं संगिनी एवं आशा बहनों के लिए सम्मानजनक मानदेय और बीमा सुविधा उपलब्ध कराने की मांग भी प्रमुखता से रखी गई है।
संघ पदाधिकारियों ने कहा कि आंदोलन के दौरान कर्मचारी शांतिपूर्ण एवं अनुशासित तरीके से अपनी मांगों को शासन तक पहुंचाएंगे। उन्होंने सरकार से कर्मचारियों की समस्याओं पर सकारात्मक विचार करते हुए मांगों के शीघ्र समाधान की दिशा में ठोस कदम उठाने की अपील की है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *