उरुवा में स्कूल चलो अभियान के तहत निकाली गई नामांकन रैली
नई कक्षा में पहुंचने पर बच्चे उत्साहित। एआरपी अजीत मिश्रा ने रैली को हरी झंडी दिखाकर किया रवाना
आदर्श सहारा टाइम्स
मेजा,प्रयागराज । जिले के विकास खंड उरुवा स्थित प्राथमिक विद्यालय केवटाही में स्कूल चलो अभियान रैली बड़े ही धूमधाम से हर्षोउल्लास के साथ मनाया गया। कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में उपस्थित उरुवा ब्लॉक के एआरपी अजीत मिश्र ने सर्वप्रथम मां सरस्वती की प्रतिमा पर माल्यार्पण व दीप प्रज्ज्वलित कर कार्यक्रम का शुभारंभ किया। तत्पश्चात स्कूल के बच्चों द्वारा स्कूल चलो अभियान रैली को विद्यालय के मुख्य द्वार से हरी झंडी दिखाकर रैली को गांव में नामांकन बढ़ाने के लिए प्रस्थान कराया गया तथा विद्यालय प्रबंध समिति के अध्यक्ष मनीष कुमार के साथ एआरपी ने स्वयं रैली में बच्चों के साथ घूमकर गांव में अभिभावकों से बातचीत कर परिषदीय विद्यालय में बच्चों के नामांकन हेतु प्रेरित किया। वहीं विद्यालय की प्रधानाध्यापिका शिप्रा द्वारा किए गए आह्वान को गाँव के अभिभावकों ने अपनी उपस्थिति से जिला बेसिक शिक्षा अधिकारी महोदय एवं खंड शिक्षा अधिकारी महोदय की मंशा को पूर्णरूपेण सफल बनाने को अपनी सहमति दिया। रैली में विद्यालय के बच्चों की माताओं ने साथ-साथ चलकर यह सिद्ध किया कि बच्चों के भविष्य को सुंदर एवं साकार बनाने में उनकी महत्ता सदैव आदरणीय बनी रहेगी। एआरपी अजीत मिश्रा द्वारा विद्यालय में रैली के उपरांत नवप्रवेशी बच्चों को स्कूल बैग व पुस्तक वितरित किया गया। विद्यालय की प्रधानाध्यापिका ने बताया कि हर वर्ष स्वयं के माध्यम से नवप्रवेशी बच्चों को स्कूल बैग वितरित किया जाता है जिससे बच्चों को स्कूल आने में और किताबों को रखने में कोई परेशानी ना हो। विद्यालय परिवार के शिक्षक विकास पाण्डेय एवं दीपक पांडेय ने एआरपी अजीत मिश्रा का माल्यार्पण कर स्वागत किया। कार्यक्रम का संचालन विद्याकांत शुक्ला ने किया। विजय कुमारी पटेल ने विद्यालय में उपस्थित बच्चों की माताओं का माल्यार्पण कर स्वागत किया। कार्यक्रम के अंत में मुख्य अतिथि एआरपी अजीत मिश्रा ने पूर्ण मनोयोग से नामांकन वृद्धि बढ़ाने के लिए किए गए प्रयास एवं बहुत ही सुंदर ढ़ंग से पूरे कार्यक्रम को कराने के लिए विद्यालय की प्रधानाध्यापिका का धन्यवाद ज्ञापित किया गया।
