नारी शक्ति वंदन अधिनियम के समर्थन में भाजपा गंगापार की पदयात्रा
आदर्श सहारा टाइम्स
झूंसी, प्रयागराज। गुरुवार को नारी शक्ति वंदन अधिनियम के समर्थन में भारतीय जनता पार्टी गंगापार द्वारा जिलाध्यक्ष निर्मला पासवान के नेतृत्व में पदयात्रा निकाली गई।
पदयात्रा झूंसी पुलिस चौकी से प्रारंभ होकर न्याय नगर गेट, छतनाग मोड़, ककरा रोड होते हुए त्रिवेणीनगर में समाप्त हुई। कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में पूर्व सांसद रीता बहुगुणा जोशी उपस्थित रहीं।
उन्होंने कहा कि महिलाओं को 33 प्रतिशत आरक्षण प्रदान करना महिला सशक्तिकरण की दिशा में एक ऐतिहासिक कदम है, जिससे संसद से लेकर विधानसभा तक महिलाओं की भागीदारी बढ़ेगी। उन्होंने बताया कि वर्ष 1996 में पहली बार महिला आरक्षण विधेयक पेश किया गया था, लेकिन कई बार प्रयासों के बावजूद विभिन्न दलों के विरोध के कारण इसे पारित नहीं किया जा सका।
उन्होंने यह भी कहा कि यह अधिनियम लैंगिक असमानता को कम करने और समावेशी लोकतंत्र की स्थापना की दिशा में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएगा।
इस अवसर पर जिला महामंत्री मनोज निषाद, अनिरुद्ध सिंह पटेल, किरन त्रिवेदी, नीलम गिरी, विजय लक्ष्मी चंदेल, जिला मीडिया प्रभारी उमेश तिवारी, पार्षद अरुण मिश्रा, मंडल अध्यक्ष रोहित निषाद, सूरज यादव सहित कई कार्यकर्ता उपस्थित रहे।
