मेजा क्षेत्र में दो बाइकों की आमने-सामने टक्कर, दो की हालत गंभीर, जिला अस्पताल रेफर
आदर्श सहारा टाइम्स
मेजा,प्रयागराज। मेजा थाना क्षेत्र के परानीपुर-रामनगर मार्ग पर शनिवार सुबह दो मोटरसाइकिलों की आमने-सामने हुई भीषण टक्कर में दो युवक गंभीर रूप से घायल हो गए। हादसा इतना जबरदस्त था कि दोनों बाइक सवार उछलकर सड़क पर दूर जा गिरे। स्थानीय लोगों की तत्परता से घायलों को तुरंत रामनगर कस्बे के सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र ले जाया गया, जहां प्राथमिक उपचार के बाद डॉक्टरों ने हालत नाजुक देखते हुए दोनों को जिला अस्पताल प्रयागराज रेफर कर दिया।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, पकरी सेवार गांव निवासी राहुल द्विवेदी पुत्र विकास द्विवेदी अपने एक साथी के साथ सिरसा बाजार से अपने गांव लौट रहे थे। सुबह करीब 10 बजे जब वह डोरवा-परानीपुर मार्ग पर पहुंचे, तभी सामने से आ रही तेज रफ्तार मोटरसाइकिल से उनकी बाइक की सीधी टक्कर हो गई। टक्कर की आवाज सुनकर आसपास के ग्रामीण मौके पर दौड़े।
प्रत्यक्षदर्शियों ने बताया कि भिड़ंत इतनी तेज थी कि दोनों बाइकों के परखच्चे उड़ गए और सवार कई फीट दूर जा गिरे। राहुल द्विवेदी के सिर, पैर और सीने में गंभीर चोटें आई हैं। दूसरे बाइक सवार की पहचान अभी स्पष्ट नहीं हो सकी है, उसे भी गंभीर चोटें आई हैं। घटना की सूचना मिलते ही परिजन भी अस्पताल पहुंच गए। रामनगर सीएचसी के डॉक्टरों ने बताया कि दोनों युवकों की हालत चिंताजनक है, इसलिए बेहतर इलाज के लिए जिला अस्पताल भेजा गया है।
स्थानीय लोगों का कहना है कि परानीपुर-रामनगर मार्ग पर वाहनों की तेज रफ्तार और सड़क पर गड्ढे लगातार हादसों की वजह बन रहे हैं। इस मार्ग पर आए दिन दुर्घटनाएं होती हैं, लेकिन गति नियंत्रण के कोई इंतजाम नहीं हैं। फिलहाल घायलों के इलाज पर ध्यान दिया जा रहा है।
