जिलाधिकारी के निर्देश पर प्रयागराज में बच्चों के लिए खेल प्रतियोगिता का भव्य आयोजन, खिल उठे बच्चों के चेहरे
जिलाधिकारी व सीडीओ की पहल पर आयोजन
आदर्श सहारा टाइम्स
प्रयागराज । जिलाधिकारी मनीष कुमार वर्मा एवं मुख्य विकास अधिकारी हर्षिका सिंह के निर्देश के क्रम में शनिवार को मदन मोहन मालवीय स्पोर्ट्स स्टेडियम में खेल प्रतियोगिता का आयोजन किया गया।
यह प्रतियोगिता विकास विद्यालय, आश्रम पद्धति विद्यालय तथा ईश्वर शरण आश्रम, सलोरी के कक्षा 1 से कक्षा 10 तक के बच्चों के लिए आयोजित की गई थी।
*अधिकारियों की देख-रेख में सम्पन्न हुआ कार्यक्रम*
कार्यक्रम का सफल संचालन जिला समाज कल्याण अधिकारी श्री रामशंकर पटेल एवं क्षेत्रीय क्रीड़ाधिकारी श्री शिव कुमार यादव की देख-रेख में किया गया।
*स्वास्थ्य सुरक्षा के रहे पुख्ता इंतजाम*
बच्चों के स्वास्थ्य को ध्यान में रखते हुए मौके पर एम्बुलेंस की भी व्यवस्था की गई थी, ताकि किसी भी आपात स्थिति से निपटा जा सके।
*एथलेटिक्स और फुटबॉल बना आकर्षण का केंद्र*
खेल-कूद में मुख्य रूप से एथलेटिक्स प्रतियोगिताएं आयोजित की गईं, जिसमें –
– 100 मीटर दौड़
– 200 मीटर दौड़
– 400 मीटर दौड़
– ऊंची कूद
इसके साथ ही बच्चों के बीच रोमांचक फुटबॉल मैच का भी आयोजन कराया गया।
*बच्चों में दिखा खेल के प्रति उत्साह*
इस प्रकार के आयोजन के बाद बच्चों में खेल के प्रति विशेष उत्सुकता देखी गई। बच्चों को खेल भावना, अनुशासन और टीम वर्क का पाठ सीखने को मिला। प्रतियोगिता के समापन पर सभी बच्चे काफी खुश और उत्साहित नजर आए।
सितम्बर माह के अन्तिम सप्ताह तक अंतरित की जायेगी पेंशन धनराशि
जिला दिव्यांगजन सशक्तिकरण अधिकारी श्री अशोक कुमार गौतम ने दिव्यांगजन सशक्तीकरण विभाग द्वारा संचालित दिव्यांग भरण-पोषण अनुदान (दिव्यांग पेंशन) का लाभ प्राप्त कर रहे 80 प्रतिशत या उससे अधिक दिव्यांगता से प्रभावित ऐसे दिव्यांग पेंशनर जिनके बैंक खाते में वर्तमान वित्तीय वर्ष की प्रथम किस्त की अनुदान धनराशि का अंतरण नहीं हुआ है, को सूचित किया है कि भारत सरकार से प्राप्त निर्देशानुसार इन्दिरा गॉधी राष्ट्रीय दिव्यांग पेंशन योजनान्तर्गत नये मॉड्यूल एस0एन0ए0 स्पर्श प्रणाली को लागू करते हुए अनुदान धनराशि का प्रेषण किया जाना है। इस मॉड्यूल पर एन0आई0सी0 एवं साइबर ट्रेजरी के सहयोग से कार्य पूर्ण किया जा रहा है, जिसे पूर्ण होने एवं आ रही तकनीकी समस्या को दूर करने में लगभग एक माह का समय लग सकता है।
निदेशालय, दिव्यांगजन सशक्तीकरण विभाग, उ0प्र0 लखनऊ से हुई वार्तानुसार सितम्बर, 2026 माह के अन्तिम सप्ताह तक एस0एन0ए0 स्पर्श प्रणाली को लागू करते हुए छूटे हुए दिव्यांग पेंशनरों की पेंशन धनराशि उनके द्वारा संचालित आधार मैप्ड बैंक खाते में अंतरित करा दी जायेगी।
02 दिवसीय मखाना खेती प्रशिक्षण के लिए इच्छुक कृषक करायें अपना पंजीकरण
जनपद प्रयागराज में मखाना खेती को बढ़ावा देने के लिए मखाना विकास योजनान्तर्गत वित्तीय वर्ष 2026-27 में मखाना की खेती (तालाब की विधि से) हेतु लक्ष्य प्राप्त है। जिला उद्यान अधिकारी ने बताया है कि कृषकों को मखाना के खेती की तकनीकी जानकारी उपलब्ध कराने के उद्देश्य से उद्यान विभाग द्वारा 02 दिवसीय प्रशिक्षण कार्यक्रम का आयोजन किया जायेगा। इच्छुक कृषक 03 दिवस के अन्दर आधारकार्ड, बैंक पासबुक, 01 फोटो एवं खतौनी सहित कार्यालय जिला उद्यान अधिकारी, प्रयागराज, विकास भवन कक्ष सं0-85 में उपस्थित होकर प्रशिक्षण हेतु पंजीयन करा सकते है। कृषकों का चयन प्रथम आवक प्रथम पावक के आधार पर किया जायेगा।
