उरुवा-लेहड़ी ओवरब्रिज पर नहीं लगी स्ट्रीट लाइटें, रात में हादसे का खतरा; दिन में रीलबाजों का जमावड़ा

उरुवा-लेहड़ी ओवरब्रिज पर नहीं लगी स्ट्रीट लाइटें, रात में हादसे का खतरा; दिन में रीलबाजों का जमावड़ा

आदर्श सहारा टाइम्स

मेजा, प्रयागराज। मेजा क्षेत्र के उरुवा-लेहड़ी ओवरब्रिज का निर्माण कार्य पूरा होने के बावजूद अब तक स्ट्रीट लाइटों की व्यवस्था नहीं की गई है। रात के समय ओवरब्रिज पर अंधेरा छाया रहता है, जिससे राहगीरों और वाहन चालकों के लिए दुर्घटना का खतरा बना हुआ है।

स्थानीय लोगों के अनुसार, प्रकाश व्यवस्था नहीं होने से रात में चोरी छिनैति और हादसे का डर रहता है। और दिन के समय ओवरब्रिज पर युवाओं का सेल्फी और रील बनाने के लिए जमावड़ा देखा जा रहा है। तेज रफ्तार वाहनों की आवाजाही के बीच सड़क पर खड़े होकर वीडियो बनाना गंभीर हादसे का कारण बन सकता है।

ग्रामीणों का कहना है कि ओवरब्रिज पर सुरक्षा के पर्याप्त इंतजाम भी नहीं हैं। न तो पर्याप्त बैरिकेडिंग दिखाई देती है और न ही दुर्घटना से बचाव के लिए जरूरी चेतावनी बोर्ड लगाए गए हैं। स्थानीय लोगों ने संबंधित विभाग से कई बार समस्या के समाधान की मांग की, लेकिन अभी तक प्रभावी कार्रवाई नहीं होने से नाराजगी बनी हुई है।

ग्रामीणों ने जिला प्रशासन और लोक निर्माण विभाग से मांग की है कि ओवरब्रिज पर जल्द स्ट्रीट लाइटें लगाई जाएं, आवश्यक सुरक्षा संकेतक और बैरिकेडिंग की व्यवस्था की जाए तथा संवेदनशील समय में पुलिस गश्त बढ़ाई जाए। लोगों का कहना है कि समय रहते सुरक्षा व्यवस्था दुरुस्त होने से किसी संभावित हादसे को टाला जा सकता है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *