अमिलिया कलां गांव में हाईमास्क लाइट का तार टूटने से छाया अंधेरा, ग्रामीणों में आक्रोश
आदर्श सहारा टाइम्स
उरुवा, प्रयागराज। विकास खंड उरुवा के अमिलिया कलां गांव के लाइन दक्षिण कुशवाहा बस्ती में लगी हाईमास्क लाइट पिछले 2 दिनों से बंद पड़ी है, जिससे पूरे क्षेत्र में रात के समय अंधेरा पसरा हुआ है।
ग्रामीणों के अनुसार बीती रात अज्ञात अराजक तत्वों द्वारा हाईमास्क लाइट का तार तोड़ दिया गया। तार टूटते ही लाइट पूरी तरह बंद हो गई।
बता दें कि गांव में हाईमास्क लाइट लगने के बाद से रात में महिलाओं, स्कूली बच्चों और राहगीरों को आने-जाने में काफी सहूलियत मिल रही थी। रोशनी होने से क्षेत्र में सुरक्षा का माहौल भी बना हुआ था। लेकिन लाइट बंद होने के बाद अब लोगों को अंधेरे में ही आवागमन करना पड़ रहा है, जिससे दुर्घटना और चोरी की आशंका बढ़ गई है।
ग्रामीणों ने आरोप लगाया है कि यह किसी शरारती तत्व की सोची-समझी हरकत है। ग्रामीणों ने पुलिस प्रशासन मेजा और संबंधित विद्युत विभाग से मामले की जांच कर दोषियों के खिलाफ कार्रवाई करने तथा हाईमास्क लाइट को तत्काल चालू कराने की मांग की है।
साथ ही ग्रामीणों ने रात के समय पुलिस गश्त बढ़ाने की भी मांग की है ताकि सरकारी संपत्ति को नुकसान पहुंचाने जैसी घटनाओं पर अंकुश लग सके।
