नवरात्रि से पहले हरकत में आया सफाई अभियान, मां सवालखी धाम व त्रिवेणी हैचरी के मुख्य मार्ग
गोबर और गंदगी के अंबार से श्रद्धालु ही नहीं, त्रिवेणी हैचरी आने-जाने वाले भी थे परेशान
आदर्श सहारा टाइम्स
मेजा। शारदीय नवरात्रि का पर्व नजदीक आते ही सिद्धपीठ मां सवालखी धाम मंदिर के मुख्य मार्ग की साफ-सफाई शुरू करा दी गई है। मंदिर और त्रिवेणी हैचरी को जोड़ने वाले इस प्रमुख मार्ग पर गोबर और गंदगी का अंबार लगा हुआ था। ऐसे में मां के दर्शन के लिए आने वाले श्रद्धालुओं के साथ ही हैचरी आने-जाने वाले लोगों को भी परेशानी उठानी पड़ रही थी। समस्या को देखते हुए त्रिवेणी हैचरी के इंचार्ज राम सिंह ने पहल की और मार्ग पर सफाई अभियान शुरू कराया।
नवरात्रि में बढ़ेगी श्रद्धालुओं की आवाजाही
शारदीय नवरात्रि के दौरान सिद्धपीठ मां सवालखी धाम में दर्शन-पूजन के लिए श्रद्धालुओं की आवाजाही बढ़ने की संभावना है। ऐसे में मंदिर तक पहुंचने वाले मुख्य मार्ग पर गंदगी का जमावड़ा परेशानी का कारण बन सकता था। मार्ग की स्थिति को देखते हुए सफाई अभियान शुरू कराया गया, ताकि नवरात्रि में मां के दर्शन के लिए आने वाले भक्तों को गंदगी के बीच से होकर न गुजरना पड़े।
एक ही मार्ग, दोहरी जिम्मेदारी
यह मार्ग सिद्धपीठ मां सवालखी धाम पहुंचने वाले श्रद्धालुओं के साथ त्रिवेणी हैचरी के आवागमन के लिए भी महत्वपूर्ण है। इसके बावजूद यहां गोबर और गंदगी जमा होने से लोगों को परेशानी हो रही थी। नवरात्रि को ध्यान में रखते हुए राम सिंह की ओर से सफाई शुरू कराया जाना राहत की पहल मानी जा रही है। अब मार्ग की नियमित साफ-सफाई बनी रहना जरूरी है, जिससे श्रद्धालुओं और राहगीरों को दोबारा इस समस्या का सामना न करना पड़े।
