आईएफएस में चयन होने पर सौरभ कुमार पाल का गांव में जोरदार स्वागत, बधाइयों का लगा तांता
आदर्श सहारा टाइम्स
मेजा, प्रयागराज। मेजा क्षेत्र के पकरी सेवार गांव निवासी सौरभ कुमार पाल के भारतीय वन सेवा (आईएफएस) में चयन होने की खबर से पूरे गांव और जनपद में खुशी की लहर दौड़ गई। गांव पहुंचते ही सौरभ का जोरदार स्वागत किया गया। परिजनों, रिश्तेदारों और शुभचिंतकों ने मिठाई खिलाकर तथा माल्यार्पण कर उन्हें बधाई दी। सौरभ की इस उपलब्धि से न केवल उनके परिवार बल्कि पूरे क्षेत्र का नाम रोशन हुआ है।
सौरभ कुमार पाल, लालता प्रसाद पाल के पुत्र हैं। उनके पिता लालता प्रसाद पाल विकासखंड मेजा के लूतर स्थित प्राथमिक विद्यालय में सहायक अध्यापक के पद पर कार्यरत हैं। बेटे की इस सफलता पर परिवार में उत्सव जैसा माहौल है। गांव के लोगों ने इसे पूरे क्षेत्र के लिए गर्व का क्षण बताया।
सौरभ की प्रारंभिक शिक्षा प्रयागराज जिले में ही पूरी हुई। बचपन से ही मेधावी रहे सौरभ ने कठिन मेहनत, लगन और अनुशासन के बल पर यह मुकाम हासिल किया। उन्होंने अपनी सफलता का श्रेय माता-पिता को देते हुए कहा कि उनकी मेहनत, त्याग और मार्गदर्शन की वजह से ही आज वह इस मुकाम तक पहुंच सके हैं। उन्होंने कहा कि माता-पिता ने हर परिस्थिति में उनका हौसला बढ़ाया और शिक्षा के प्रति हमेशा प्रेरित किया।
सौरभ कुमार पाल ने युवाओं को संदेश देते हुए कहा कि सफलता का कोई शॉर्टकट नहीं होता। यदि लक्ष्य स्पष्ट हो और मेहनत ईमानदारी से की जाए तो सफलता अवश्य मिलती है। उन्होंने कहा कि युवाओं को निरंतर परिश्रम करते रहना चाहिए और असफलताओं से घबराने के बजाय उनसे सीख लेकर आगे बढ़ना चाहिए।
जैसे ही गांव में सौरभ के आगमन की सूचना मिली, उनके घर पर बधाई देने वालों का तांता लग गया। गांव के लोगों ने फूल-मालाओं और मिठाइयों के साथ उनका अभिनंदन किया। इस अवसर पर आमिका पाल, सुरेश, कमलेश, लालमणि, दान बहादुर, लल्ला, शोभा लाल, अजीत कुमार, धीरज, नीरज, मनोज कुमार, राम बहादुर, मिथिलेश पाण्डेय, सरस दुबे, भोला दुबे, आनंद सहित बड़ी संख्या में ग्रामीण उपस्थित रहे।
ग्रामीणों ने कहा कि सौरभ की सफलता क्षेत्र के युवाओं के लिए प्रेरणा है और इससे अन्य छात्र भी ऊंचे लक्ष्य हासिल करने के लिए प्रेरित होंगे।
