क्षतिग्रस्त ट्रांसफार्मर को नहीं किया जा रहा दुरुस्त अंधेरे में रहने को मजबूर ग्रामीण

क्षतिग्रस्त ट्रांसफार्मर को नहीं किया जा रहा दुरुस्त अंधेरे में रहने को मजबूर ग्रामीण

आदर्श सहारा टाइम्स

करछना। तहसील करछना क्षेत्र में सप्ताह भर पहले आई आंधी-तूफान ने जमकर तबाही मचाई थी। तेज हवा का दबाव होने के कारण आम जनमानस को काफी नुकसान पहुंचा था। इसी बीच क्षेत्र के भुंडा बिजली उपकेंद्र से संचालित डाडों ग्राम सभा में लगा 63 केवीए का ट्रांसफार्मर व कई बिजली के पोल टूट कर क्षतिग्रस्त हो गए थे। ट्रांसफार्मर व पोल टूट कर गिरने से उससे जुड़े तीन दर्जन से अधिक उपभोक्ता रात के अंधेरे में रहने को मजबूर है। मामले को लेकर ग्रामीणों ने कई बार भुंडा बिजली उपकेंद्र पर तैनात अवर अभियंता व कर्मचारियों से शिकायत किया। लेकिन कर्मचारी उदासीनता ग्रामीण पर भारी पड़ रही है। सप्ताह भर पहले टूटे हुए बिजली के पोल व ट्रांसफार्मर दुरुस्त न किए जाने से ग्रामीण गर्मी के दिनों में घुट घुट कर जी रहे हैं। सबसे अधिक ग्रामीणों के सामने पेयजल की समस्या उत्पन्न हो गई है। विद्युत उपकरण कूलर,पंखा,टीवी सहित अन्य उपकरण भी बंद हो गए हैं। शाम ढलते ही गर्मी से तड़प रहे छोटे बच्चों के रोने की आवाज समूचे गांव में गूंजने लगती है। ग्रामीण अखिलेश कुमार,इंद्र बहादुर,नरेंद्र शेखर,बब्बू,अजब लाल,विमलेश कुमार,रामधन,संतोष कुमार,मुन्नू सिंह,राम लखन ने बताया कि बिजली न होने के कारण उनके यहां सबसे अधिक पेयजल की समस्या बनी है। विद्युत उपकरण भी बंद हो गए हैं। विभागीय कर्मचारियों से लगातार शिकायत की जा रही है लेकिन इस पर कोई ध्यान नहीं दे रहा है। जिससे ग्रामीणों में गहरा आक्रोश व्याप्त है। ग्रामीणों ने बताया कि अगर जल्द ही समस्या का समाधान नहीं किया गया तो वह तहसील प्रशासन का घेराव करेंगे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *