परिषदीय विद्यालयों में अधिकाधिक छात्र नामांकन सुनिश्चित किये जाने के उद्देश्य से ’’स्कूल चलो अभियान’’ के द्वितीय चरण का हुआ शुभारम्भ

परिषदीय विद्यालयों में अधिकाधिक छात्र नामांकन सुनिश्चित किये जाने के उद्देश्य से ’’स्कूल चलो अभियान’’ के द्वितीय चरण का हुआ शुभारम्भ

माननीय विधान परिषद सदस्य जी ने कहा-शिक्षा वह सशक्त माध्यम है जिसके आधार पर देश की आर्थिक प्रगति और समृद्धि निर्भर

अत्याधुनिक सुविधाओं, स्मार्ट क्लास और बेहतरीन संसाधनों से सुसज्जित बेसिक शिक्षा परिषद के स्कूल बच्चों की गुणवत्तापूर्ण शिक्षा के लिए सबसे बेहतर विकल्प-मा0 विधान परिषद सदस्य

’स्कूल चलो अभियान’’ प्रत्येक बच्चे को शिक्षा से जोड़ने का जनआंदोलन-जिलाधिकारी

जिलाधिकारी ने स्कूल चलो अभियान को सफल बनाने हेतु सभी से सक्रिय सहयोग करने का किया आह्वान

विगत वर्ष में सर्वाधिक उपस्थिति दर्ज कराने वाले बच्चों को पुस्तकें तथा स्टेशनरी देकर किया गया उनका उत्साह वर्धन

स्कूल चलो अभियान के प्रथम चरण में सर्वाधिक नामांकन करने वाले विद्यालयों के प्रधानाध्यापकों को किया गया सम्मानित

अतिथियों ने नव प्रवेश विद्यार्थियों को माला पहनाकर एवं टीका लगाकर किया स्वागत, निःशुल्क पाठ्य-पुस्तकें, स्टेशनरी वितरित की

 

आदर्श सहारा टाइम्स

प्रयागराज । शैक्षिक सत्र 2026-27 में बेसिक शिक्षा विभाग द्वारा संचालित परिषदीय विद्यालयों में अधिकाधिक छात्र नामांकन सुनिश्चित किये जाने के उद्देश्य से ’’स्कूल चलो अभियान’’ के द्वितीय चरण का शुभारम्भ दिनांक 01 जुलाई, 2026 को कम्पोजिट विद्यालय नया कटरा द्वितीय, नगर क्षेत्र प्रयागराज में किया गया। कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में माननीय सदस्य विधान परिषद  सुरेंद्र चौधरी जी एवं विशिष्ट अतिथि जिलाधिकारी  मनीष कुमार वर्मा,  संजय कुमार कुशवाहा, मण्डलीय सहायक शिक्षा निदेशक उपस्थित रहे। जिला बेसिक शिक्षा अधिकारी श्री अनिल कुमार द्वारा सर्वप्रथम सभी अतिथियों का स्वागत किया गया एवं विभाग द्वारा संचालित महत्वपूर्ण योजनाओं के क्रियान्वयन एवं स्कूल चलो अभियान के द्वितीय चरण हेतु तैयारियों का विस्तृत विवरण प्रस्तुत किया गया।

मुख्य अतिथि माननीय सदस्य विधान परिषद  सुरेन्द्र चौधरी ने कार्यक्रम में उपस्थित बच्चों, शिक्षकों एवं अभिभावकों को सम्बोधित करते हुए सभी अभिभावकों से अपने बच्चों को नियमित रूप से विद्यालय भेजने एवं शिक्षा को प्राथमिकता देने को आवाहन किया। शिक्षा के महत्व पर प्रकाश डालते हुए कहा कि शिक्षा वह सशक्त माध्यम है जिसके आधार पर देश की आर्थिक प्रगति और समृद्धि निर्भर करती है। कंपोजिट विद्यालय नया कटरा में आयोजित इस कार्यक्रम के माध्यम से परिषदीय विद्यालयों की बदलती हुई एक बहुत ही सकारात्मक और अनूठी तस्वीर देखने को मिली। यह देखकर अत्यंत हर्ष हुआ कि अत्याधुनिक सुविधाओं, स्मार्ट क्लास और बेहतरीन संसाधनों से सुसज्जित बेसिक शिक्षा परिषद के स्कूल अब बच्चों की गुणवत्तापूर्ण शिक्षा के लिए सबसे बेहतर विकल्प बन रहे हैं। आइए, (शिक्षा के अधिकार) के इस महाभियान को हम सब मिलकर सफल बनाएं।

जिलाधिकारी  मनीष कुमार वर्मा ने शिक्षा के महत्व पर प्रकाश डालते हुए कहा कि शिक्षा ही एक सशक्त समाज और विकसित राष्ट्र की आधारशिला है तथा सभी से स्कूल चलो अभियान को सफल बनाने हेतु सक्रिय सहयोग करने का आह्वान किया एवं कहा कि ’’स्कूल चलो अभियान’’ केवल एक कार्यक्रम नहीं, बल्कि प्रत्येक बच्चे को शिक्षा से जोड़ने का जनआंदोलन है। सभी अभिभावक अपने बच्चों को नियमित रूप से विद्यालय भेजें, ताकि वे शिक्षित होकर एक सशक्त एवं विकसित समाज के निर्माण में सहभागी बन सकें। साथ ही संचारी रोग एवं हीट वेब से बचाव हेतु बच्चों एवं नागरिकों को जागरूक किए जाने पर बल दिया।

मंडलीय सहायक शिक्षा निदेशक श्री संजय कुमार कुशवाहा ने कहा कि प्रत्येक बच्चे तक गुणवत्तापूर्ण शिक्षा पहुंचाना हमारी प्राथमिकता है। शिक्षा केवल पढ़ना-लिखना नही सिखाती, बल्कि यह बच्चों के व्यक्तित्व का निमार्ण करती है और उन्हे जीवन में आगे बढ़ने का मार्ग दिखाती है। श्री अनिल कुमार ने अपने संबोधन में कहा कि जिलाधिकारी के नेतृत्व में जनपद के सभी ग्राम प्रधानों, विद्यालय प्रबंध समितियों, आंगनबाड़ी कार्यकर्ताओं, आशा बहनों, शिक्षकों, समाज के जागरूक नागरिकों एवं अभिभावकों से अनुरोध है कि अपने आस पास ऐसे बच्चों की पहचान करें जो अभी तक विद्यालय से नही जुडें है या पढ़ाई छोड़ चुके हैं,को पुनः विद्यालय से जोड़ने का प्रयास करें, बच्चों को नियमित रूप से विद्यालय भेजें जिससे वे शिक्षित होकर सशक्त, आत्मनिर्भर और जागरूक समाज के निर्माण में अपनी महत्वपूर्ण भूमिका निभा सकें।

कार्यक्रम में विगत वर्ष में सर्वाधिक उपस्थिति दर्ज कराने वाले बच्चों को पुस्तकें तथा स्टेशनरी देकर उत्साह वर्धन किया गया। वर्तमान सत्र में स्कूल चलो अभियान के प्रथम चरण में सर्वाधिक नामांकन करने वाले विद्यालयों के प्रधानाध्यापकों को सम्मानित किया गया ।अतिथियों द्वारा नव प्रवेश माला पहनाकर एवं टीका लगाकर स्वागत किया गया एवं उन्हें निःशुल्क पाठ्य-पुस्तकें,स्टेशनरी वितरित की गई। मुख्य अतिथि माननीय सदस्य, विधान परिषद श्री सुरेन्द्र चौधरी जी एवं श्री मनीष कुमार वर्मा, जिलाधिकारी प्रयागराज द्वारा स्कूल चलो अभियान द्वितीय फेज की रैली एवं प्रचार वाहन का शुभारंभ हरी झंडी दिखाकर किया गया। अतिथियों द्वारा विद्यालय परिसर को हरा भरा व इकोफ्रेंडली बनाए रखने के उद्देश्य से वृक्षारोपण भी किया गया। कार्यक्रम स्थल को गुब्बारे, माला ,फूल आदि से सजाते हुए एक उत्सव की तरह सज्जित किया गया। कार्यक्रम में उपस्थित बच्चों, शिक्षकों एवं अभिभावकों को मध्यान्ह भोजन योजनांतर्गत मिष्ठान, खीर का वितरण किया गया।

कार्यक्रम के सफल संचालन में श्रीमती प्रतिभा सिंह, खण्ड शिक्षा अधिकारी नगर क्षेत्र,  शिव औतार , खण्ड शिक्षा अधिकारी बहरिया,  राजीव त्रिपाठी, जिला समन्वयक मध्यान्ह भोजन ,  आशीष पाल,  मनीष कुमार,  संतोष तिवारी,  अभिनव सिंह, श्री विकास पाण्डेय,  हिमांशू सिंह,  वात्सल्य श्रीवास्तव,  देवेंद्र श्रीवास्तव,श्री फिरोज आलम आदि ने अपनी सक्रिय भूमिका का निर्वहन किया। मन्च संचालन श्रीमती अनुरागिनी सिंह ने किया ।

जिला बेसिक शिक्षा अधिकारी ने अवगत कराया कि शैक्षिक सत्र 2026-27 में स्कूल चलो अभियान द्वितीय चरण का उद्देश्य स्वास्थ्य विभाग, बाल विकास एवं पुष्टाहार विभाग के साथ अंतरविभागीय समन्वय स्थापित करते हुए 03 से 05 वर्ष के बच्चों का नामांकन को-लोकेटेड आंगनवाड़ी केन्द्रों एवं परिषदीय विद्यालय में 6 से 14 आयु वर्ग के बच्चों का चिह्नाकन कराते हुए कक्षा 01 व 06 में नवीन प्रवेश तथा अन्य बच्चों का आयु संगत कक्षा में प्रवेश सुनिश्चित किया जाना है ताकि कोई भी बच्चा शिक्षा से वंचित न रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *