युवक की मौत कूलर में पानी डालते समय करंट लगने से, मचा कोहराम
आदर्श सहारा टाइम्स
कौशाम्बी। पिपरी थाना क्षेत्र के नौवापुर गांव में रविवार सुबह दर्दनाक हादसे में युवक की करंट लगने से मौत हो गई। घटना से परिवार में शोक की लहर दौड़ गई। सूचना के बाद मौके पर पहुंची पुलिस ने युवक के शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।
जानकारी के अनुसार नौवापुर गांव निवासी मुकेश कुमार उम्र लगभग 27 वर्ष पुत्र स्वर्गीय बनवारी लाल रविवार सुबह घर में रखे कूलर में पानी डाल रहे थे। इसी दौरान अचानक करंट की चपेट में वह आ गए और गंभीर रूप से झुलस गए। परिजन आनन-फानन में उन्हें तिल्हापुर मोड़ स्थित एक निजी अस्पताल ले गए,जहां चिकित्सकों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया।बताया जा रहा है कि मृतक मुकेश कुमार की शादी करीब एक वर्ष पूर्व ज्योति से हुई थी। शनिवार रात उनकी पत्नी ज्योति ने एक बेटे को जन्म दिया था,जिससे परिवार में खुशी का माहौल था। लेकिन बेटे के जन्म के अगले ही दिन मुकेश की मौत से खुशियां मातम में बदल गईं।घटना की सूचना मिलते ही पिपरी थाना पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। युवक की असमय मौत से परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है। फिलहाल पुलिस प्रशासन जांच पड़ताल में जुटी।
