बुलेट की टक्कर से घायल युवक की इलाज के दौरान मौत, परिवार में मचा कोहराम
आदर्श सहारा टाइम्स
मेजा। मेजा थाना क्षेत्र के मेजारोड बाजार में शनिवार रात तेज रफ्तार बुलेट की टक्कर से गंभीर रूप से घायल हुए 30 वर्षीय युवक की देर रात इलाज के दौरान मौत हो गई। हादसे की जानकारी मिलते ही परिवार में मातम छा गया। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। जानकारी के अनुसार सोरांव पांती गांव निवासी अनिल कुमार (30) शनिवार रात मेजारोड बाजार में पैदल जा रहे थे। इसी दौरान तेज रफ्तार से आ रही बुलेट बाइक ने उन्हें जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर लगने से अनिल गंभीर रूप से घायल होकर सड़क पर गिर पड़े।
हादसा होते ही आसपास मौजूद ग्रामीण मौके पर पहुंच गए। ग्रामीणों ने आनन-फानन में अनिल को अपने वाहन से अस्पताल पहुंचाया, जहां चिकित्सकों ने उनका उपचार शुरू किया। हालांकि हालत गंभीर होने के कारण देर रात इलाज के दौरान उनकी मौत हो गई।
घटना की सूचना मिलने पर मेजा पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। पुलिस ने दुर्घटना में शामिल बुलेट को अपने कब्जे में ले लिया है और मामले की जांच-पड़ताल शुरू कर दी है। युवक की मौत से परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है।
