बिजली के खंभे के बॉक्स में लगी आग, मचा हड़कंप
ग्रामीणों की सूझबूझ से टला बड़ा हादसा, सूचना पर बंद कराई गई बिजली आपूर्ति
आदर्श सहारा टाइम्स
मेजा, प्रयागराज। मेजा क्षेत्र स्थित सोनार का तारा चौराहे पर रविवार को उस समय हड़कंप मच गया, जब अचानक बिजली के खंभे पर लगे विद्युत बॉक्स में आग लग गई। देखते ही देखते बॉक्स से तेज लपटें उठने लगीं, जिससे आसपास मौजूद लोगों में अफरा-तफरी मच गई।
आग लगने की जानकारी होते ही ग्रामीणों ने आनन-फानन में औता पावर हाउस पर फोन कर विद्युत आपूर्ति बंद कराने की सूचना दी। सूचना के बाद बिजली आपूर्ति बंद की गई, लेकिन इसके बावजूद बॉक्स में आग जलती रही। ग्रामीणों ने किसी तरह प्रयास कर आग पर काबू पाया।
ग्रामीणों का कहना है कि यदि समय रहते बिजली आपूर्ति बंद नहीं कराई जाती और आग पर काबू नहीं पाया जाता तो बड़ा हादसा हो सकता था। चौराहे पर बिजली के बॉक्स में आग लगने की घटना से लोगों में विद्युत व्यवस्था को लेकर चिंता भी बनी हुई है। ग्रामीणों ने संबंधित विभाग से विद्युत बॉक्स और खंभों की जांच कराकर आवश्यक सुरक्षा व्यवस्था सुनिश्चित कराने की मांग की है।
