स्कूल से घर लौट रहे दो बच्चों को डंपर ने मारी टक्कर, दोनों के पैर गंभीर रूप से जख्मी
आदर्श सहारा टाइम्स
करछना, प्रयागराज। करछना थाना क्षेत्र के खजूरी ग्राम सभा में बुधवार को स्कूल से घर लौट रहे दो बच्चों को डंपर ने टक्कर मार दी। हादसे में दोनों बच्चे गंभीर रूप से घायल हो गए। दुर्घटना के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई।
जानकारी के अनुसार एसबीबीएम बराव में कक्षा तीन में पढ़ने वाले शनि कुशवाहा और पिंटू कुशवाहा, पुत्र विकास कुमार कुशवाहा, स्कूल की छुट्टी होने के बाद करीब 1:20 बजे घर लौट रहे थे। इसी दौरान खजूरी ग्राम सभा क्षेत्र में दोनों कथित तौर पर एक डंपर की चपेट में आ गए।
हादसे में दोनों बच्चों के पैरों में गंभीर चोटें आने की सूचना है। दुर्घटना के बाद आसपास मौजूद लोगों ने तत्काल मौके पर पहुंचकर घायल बच्चों को उपचार के लिए रामपुर अनंत अस्पताल पहुंचाने का प्रयास किया।
घटना की सूचना मिलते ही परिजनों में हड़कंप मच गया। फिलहाल बच्चों की हालत कैसी है, इसकी विस्तृत जानकारी सामने नहीं आ सकी है। हादसे के कारणों और डंपर चालक के संबंध में भी जानकारी जुटाई जा रही है।
स्कूल से छुट्टी के बाद घर लौटते समय बच्चों के साथ हुए इस हादसे ने एक बार फिर ग्रामीण क्षेत्रों में स्कूली बच्चों की सड़क सुरक्षा पर सवाल खड़े कर दिए हैं। स्थानीय लोगों ने प्रशासन से मांग की है कि स्कूलों के आसपास और बच्चों के आवागमन वाले मार्गों पर वाहनों की तेज रफ्तार पर अंकुश लगाने के साथ सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम किए जाएं।
